41 साल के प्रौढ़ ने नाबालिग से की छेड़छाड़, 24 घंटे के भीतर मनचले को स्लीमनाबाद पुलिस ने दबोचा, नाबालिग बालिका को दे रहा था जान से मारने की धमकी
कटनी। स्लीमनाबाद पुलिस ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को एक नाबालिग बालिका ने थाना स्लीमनाबाद में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में ग्राम मढ़ाना निवासी अर्जुन हल्दकार (41 वर्ष), पिता फकीरे लाल हल्दकार पर बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं 7 एवं 8 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कटनी के समक्ष पेश किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी सुदेश कुमार के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में सउनि जुबेर अली, मानकी धुर्वे, प्रधान आरक्षक तेजप्रकाश, लखन पटेल, शेख यूसुफ, महिला आरक्षक नेहा शर्मा, आरक्षक रजनीश टेकाम, आशीष पटेल तथा सैनिक सुभाष दुबे की सराहनीय भूमिका रही।








