घंटाघर बाजार में किराना व्यापारी से अवैध वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को सिखाया सबक

कटनी। शहर के व्यस्त घंटाघर बाजार में किराना व्यापारी से अवैध वसूली, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को दुबे कॉलोनी निवासी ईश्वर लाल गेई (49) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी घंटाघर स्थित “रामचंद्र एंड संस” नाम से किराना दुकान है। घटना की रात छोटू उर्फ गिरधारी निषाद और शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य दुकान पर पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 706/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।
घटना के विरोध में व्यापारी संघ ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपी जुहला बायपास स्थित अमन ढाबा के पास कहीं बाहर भागने की फिराक में मिले, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू उर्फ गिरधारी निषाद (45), निवासी गांधीगंज तथा शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य (32), निवासी अशोक कॉलोनी, कटनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य के विरुद्ध पहले से आठ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। बाजार क्षेत्र में अवैध वसूली, धमकी और गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *