कुकिंग कॉम्पीटीशन का जिला पंचायत उपाध्यक्ष और सीईओ ने निरीक्षण कर लिया जायजा, सीईओ ने पौष्टिक आहार चखकर रसोइयों की पाक कला के हुनर की सराहना

कटनी। मंगलवार को जिला पंचायत के उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत आयोजित कुक-कम हेल्पर के कुकिंग कांपटीशन प्रतियोगिता का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्र से आए हुए विभिन्न स्व सहायता समूहों की 30 रसोइयों/ प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
व्यंजनों को चखकर करी प्रशंसा
जिला पंचायत के उपाध्यक्ष एवं सीईओ श्रीमती कौर ने प्रतिभागियों द्वारा मोटे अनाज (मिलेट्स) और अन्य पोषक तत्वों से युक्त सामग्री से बनाए गए पौष्टिक भोजन और व्यंजनों को चखकर पाक कला के हुनर की मुक्त कंठ से सराहना की।
जिला पंचायत के उपाध्यक्ष विश्वकर्मा और कौर ने विजयी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को क्रमशः 5000, 3000 और 2000 रुपए की नगद राशि, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया। वही सांत्वना पुरस्कार के रूप में 1000 की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पाक कला में पारंगत स्वसहायता समूह की महिलाओं की हौसला अफजाई की गई।
इन विजेताओं मिले पुरस्कार
जनपद पंचायत कटनी एवं जनपद शिक्षा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कुकिंग कंपटीशन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जय अंबे स्व सहायता समूह की ज्योति राव, द्वितीय स्थान कल्याणी समूह की अर्चना तिवारी और जागृति समूह की देवकी बाई एवं तृतीय स्थान पर श्रीराम समूह की राजकुमारी त्रिपाठी वैभव समूह की जमुना बैरागी एवं गंगा समूह की शाहिस्ता को नगद राशि शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कुकिंग कॉम्पटीशन का उद्देश्य
कुकिंग कंपटीशन का उद्देश्य मध्यान्ह भोजन में उपयोग की जाने वाली सामग्री से अधिक स्वादिष्ट पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन तैयार करने की संस्कृति को प्रोत्साहित करना, भोजन निर्माण में नवाचार एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाजों, दालों, हरी सब्जियां, मोटे अनाज एवं अन्य पोषक तत्वों से युक्त व्यंजनों को बढ़ावा देना, स्थानीय एवं पारंपरिक व्यंजनों की पहचान करना जो विद्यार्थियों को अधिक पसंद आए तथा भविष्य में उन्हें मध्यान्ह भोजन के मेन्यू में सम्मिलित किया जा सके। पोषण, स्वाद एवं लागत के मध्य संतुलन स्थापित कर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन निर्माण को बढ़ावा देना है।
इनकी रही मौजूदगी
आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह, बीआरसीसी मनोज कुमार गौतम, मध्यान्ह भोजन प्रभारी माधुरी तिवारी, राकेश कुमार दुबे, अरुण कुमार परिहार सीएसी सपना चतुर्वेदी, बीएसी आरती डेंगरे, गीता मिश्रा, बीएसी अरुण कुमार पटेल, सीएसी, जग्गी पटेल, अनीता ठाकुर, हेमा किरकिट्टा, अतुल आनंद अवस्थी, संदीप पुरवार पंकज पटेल, गोविंद पटले, आनंद मिश्रा, मोहित जायसवाल और सुंदर कोरी सहित अन्य अधिकारियों- कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *