गोरखपुर एक्सप्रेस से महिला लापता, जांच में जुटी पुलिस, कटनी-दमोह-सागर रेलखंड के बीच बर्थ से हुई गायब, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कटनी। गोरखपुर से अहमदाबाद जा रही गोरखपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19489) के एसी कोच से एक युवती के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। युवती अपने पिता के साथ सफर कर रही थी और रात के दौरान अचानक बर्थ से गायब हो गई। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे रेलखंड के प्रमुख स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार महिला अपने पिता के साथ 27 जून को गोरखपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थीं। दोनों गोरखपुर, एक्सप्रेस के एसी कोच बी-1 में यात्रा कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक रात करीब 2 से 4 बजे के बीच, जब ट्रेन कटनी, दमोह और सागर रेलखंड से गुजर रही थी, उसी दौरान अंजलि अपनी बर्थ से लापता हो गई। पिता की नींद खुलने पर उन्होंने बेटी को बर्थ पर नहीं पाया। ट्रेन में काफी तलाश और सहयात्रियों से पूछताछ के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद ट्रेन स्टाफ को सूचना दी गई और मैहर स्टेशन पहुंचकर जीआरपी व आरपीएफ में शिकायत दर्ज कराई गई। महिला के भाई ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। हालांकि उन्होंने यह संभावना भी व्यक्त की कि यदि अंजलि किसी स्टेशन पर किसी कारणवश नीचे उतरी हों तो संभव है कि ट्रेन छूट गई हो। फिलहाल परिवार उनकी सुरक्षित तलाश की उम्मीद में पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम कटनी, दमोह, सागर, मैहर सहित पूरे रूट के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जीआरपी के प्रभारी अधिकारी अनिल मरावी ने बताया कि मैहर चौकी में सूचना प्राप्त हुई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर युवती की तलाश जारी है।








