कैल्डेरिस फैक्ट्री में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत कर्मचारियों को किया जागरूक

कैल्डेरिस फैक्ट्री में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत कर्मचारियों को किया जागरूक

कटनी। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के चौथे दिवस शुक्रवार को कटनी जिले में व्यापक स्तर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इसी क्रम में कटनी स्थित कैल्डेरिस समूह में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें फैक्ट्री के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधी आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ लोगों की भावनाओं, भय, लालच और जल्दबाजी का फायदा उठाकर आर्थिक ठगी को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारी भी साइबर अपराधियों के निशाने पर रहते हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल, ई-मेल, लिंक अथवा मोबाइल एप पर बिना सत्यापन विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से अपने मोबाइल, ई-मेल एवं सोशल मीडिया खातों के लिए मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का उपयोग करने तथा केवल अधिकृत वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से ही ऑनलाइन लेन-देन करने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वयं जागरूक रहने एवं अपने परिवार, सहकर्मियों तथा समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया, डीएसपी अजाक शिवा पाठक तथा थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे भी उपस्थित रहे। “सतर्कता ही साइबर अपराधियों के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है”। इसी संदेश के साथ पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post