जरूरतमंद कन्या के विवाह के लिए बढ़ाया मदद का हाथ, कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने पेश की मिसाल, घर-गृहस्थी का जरूरी सामान किया भेंट

जरूरतमंद कन्या के विवाह के लिए बढ़ाया मदद का हाथ, कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने पेश की मिसाल, घर-गृहस्थी का जरूरी सामान किया भेंट

कटनी। रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य कर रही कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने एक बार फिर मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की है। सोसाइटी के सदस्यों ने एक जरूरतमंद परिवार की कन्या के विवाह में आर्थिक एवं सामग्री सहयोग प्रदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।
सोसाइटी की ओर से कन्या के विवाह के लिए आवश्यक बर्तन, वस्त्र, श्रृंगार सामग्री सहित घर-गृहस्थी का जरूरी सामान भेंट किया गया। इसके साथ ही विवाह के खर्च में सहयोग के लिए नगद राशि भी प्रदान की गई, जिससे परिवार का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम हुआ। सिर्फ आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि सोसाइटी के सदस्य विवाह समारोह के दौरान पूरे समय परिवार के साथ मौजूद रहे और विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग कर आत्मीयता का परिचय दिया। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है। उनका कहना है कि एक बेटी का विवाह पूरे समाज की जिम्मेदारी है और इस पुनीत कार्य में सहयोग करना संस्था के लिए सौभाग्य की बात है।
कन्या के परिजनों ने सोसाइटी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के कारण बेटी का विवाह करना उनके लिए बेहद कठिन था, लेकिन सोसाइटी के सदस्यों ने देवदूत बनकर मदद की और इस शुभ कार्य को सफल बनाया। उल्लेखनीय है कि कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी जिले में रक्तदान शिविरों के आयोजन, जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ कन्याओं के विवाह, शिक्षा एवं चिकित्सा सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर महिला विंग अध्यक्ष मंजू शर्मा, शिखा खंपरिया, रश्मि अग्रवाल, पुष्पा ठाकुर, कोमल राय, मनीषा पुरवार, छाया सिंह, श्रुति सेठिया, सीता सोनी, पूजा खंपरिया, नेहा साहू, छवि गुप्ता, उषा अग्रवाल, आनंद पुरवार, संदीप रजक, धनश्री अग्रवाल एवं कविता पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post