फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को लेकर निगम अधिकारियों ने सात प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण, सुरक्षा उपकरणों के नियमित मेंटेनेंस एवं मानकों के पालन के दिए निर्देश

कटनी। शहरवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम कटनी अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चला रहा है। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशन में संयुक्त टीम व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटलों, लॉज, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक भवनों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच कर रही है तथा कमियों को दूर करा रही है। निगम प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं में जन-धन की हानि रोकना और सुरक्षा संसाधनों को क्रियाशील रखना है। इसी क्रम में गुरुवार को बरगवां क्षेत्र के सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अधिकांश स्थानों पर फायर सिस्टम मिले, लेकिन कुछ जगह नियमित मेंटेनेंस और परीक्षण में कमी पाई गई।
इन प्रतिष्ठानों की हुईं जांच
कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि एमपी 21 होटल एंड बार, इंडियन कॉफी हाउस, कल्प रेस्टोरेंट, आस्था प्लाजा, विशाल मेगा मार्ट, पंजाब सिंध बैंक और एक्सिस बैंक का निरीक्षण किया गया। संचालकों को उपकरणों का नियमानुसार मेंटेनेंस, सुरक्षा मानकों का पालन और सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी चल रही है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक उपयोग वाले सभी भवनों एवं प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता के साथ-साथ उनका नियमित परीक्षण, सुरक्षित निकासी मार्ग, आपातकालीन व्यवस्थाएं तथा अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा को केवल औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे जनहित और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में लें। सुरक्षित प्रतिष्ठान और जागरूक प्रबंधन ही दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम कर सकते हैं। निगम का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि शहर में सुरक्षित एवं जिम्मेदार वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उपयंत्री हिमांशु गौतम, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह, स्वच्छता निरीक्षक निशांत कनौजिया, प्रभारी फायर अधीक्षक शैलेन्द्र दुबे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *