धूमधाम से मनाई जा रही चंडिका देवी मंदिर की वर्षगांठ, भव्य कलश यात्रा निकली, अखंड मानस पाठ के साथ हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा कल
कटनी। चंडिका नगर स्थित प्रसिद्ध चंडिका देवी मंदिर की 19वी वर्षगांठ प्रतिवर्षानुसार आज उत्साह के साथ मनाई जा रही है। आज सुबह से अखंड मानस पाठ के साथ ही पवनपुत्र हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है। इसके पहले कल बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा मंडी रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से शुरू गाजे बाजे और आतिशबाजी के साथ शुरू हुई। यहां हनुमान जी की पूजा अर्चना की गई और महाआरती करते हुए प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने सिर पर कलश धारण किये हुए थे। भजनों की शानदार प्रस्तुति के बीच कलश यात्रा पन्ना मोड़, कुठला होते हुए चंडिका माता मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। तीन दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन आज 25 जून एकादशी पर मां चंडिका देवी मंदिर की 19वी वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस अवसर पर संगीतमयी रामचरित मानस का अखंड पाठ किया जा रहा है, साथ ही भव्य नवनिर्मित मन्दिर में पवनपुत्र रामभक्त हनुमान जी की भव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है। इसी कड़ी में आयोजन के अंतिम दिन कल 26 जून को सुबह 9 बजे मानस पाठ का समापन होगा। इसके बाद पूर्णाहूति हवन, पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। जय मां चंडिका ट्रस्ट कमेटी ने क्षेत्र के साथ ही शहर के धर्मप्रिय नागरिकों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्यलाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर संरक्षक दिनेश तिवारी, अध्यक्ष छबि अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष कामता प्रसाद चतुर्वेदी रामजी, सह उपाध्यक्ष अंकुर तिवारी, मुख्य संरक्षक राकेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष अभिषेक तिवारी, उप कोषाध्यक्ष संतोष प्रजापति, सचिव दीपक तिवारी, सहसचिव राजकुमार द्विवेदी, प्रचार प्रभारी सौरभ पांडे आदि की उपस्थिति रही।








