चंडिका देवी मंदिर की 19वीं वर्षगांठ पर होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम,आज भव्य कलश यात्रा के साथ होगी शुरुआत
कटनी। चंडिका नगर स्थित प्रसिद्ध चंडिका देवी मंदिर की 19वीं वर्षगांठ के अवसर पर तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन का शुभारंभ आज से होने जा रहा है। इस दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ पवनपुत्र रामभक्त हनुमान जी की भव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न होगी। आयोजन की शुरुआत आज शाम भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। यह कलश यात्रा पन्ना मोड़ मंडी रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से गाजे-बाजे एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ प्रारंभ होकर चंडिका देवी मंदिर पहुंचेगी।
आयोजकों के अनुसार, 25 जून को एकादशी के पावन अवसर पर मां चंडिका देवी मंदिर की 19वीं वर्षगांठ श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस दौरान संगीतमयी रामचरित मानस का अखंड पाठ आयोजित किया जाएगा तथा मंदिर परिसर में स्थापित पवनपुत्र हनुमान जी की भव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। तीन दिवसीय आयोजन का समापन 26 जून को होगा। सुबह 9 बजे मानस पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। जय मां चंडिका ट्रस्ट कमेटी ने शहर एवं क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों से आयोजन में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।








