विजयराघवगढ़ पुलिस ने की अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
कटनी। जिले में अवैध खनन एवं रेत के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर प्रकरण खनिज विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा है।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को गश्त के दौरान विजयराघवगढ़ रोड स्थित नदीपार पानी टंकी के पास एक लाल रंग का महिन्द्रा ट्रैक्टर ट्रॉली में रेत भरकर परिवहन करते हुए मिला। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की, जिसमें चालक दिनेश केवट (20 वर्ष), निवासी ग्राम गुड़ेहा, थाना विजयराघवगढ़, रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस पर पुलिस ने बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर चालक के विरुद्ध धारा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम के तहत इस्तगासा क्रमांक 19/26 दर्ज किया। मामले को अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज शाखा कटनी भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक संतोष कुमार स्वामी, प्रधान आरक्षक मुकेश परस्ते सहित पुलिस टीम एवं स्वतंत्र साक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








