पेयजल आपूर्ति के लिए नगर निगम ने 14 स्थलों पर कराई पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत, जल गुणवत्ता परीक्षण एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

पेयजल आपूर्ति के लिए नगर निगम ने 14 स्थलों पर कराई पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत, जल गुणवत्ता परीक्षण एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

कटनी। ग्रीष्म काल के दौरान नागरिकों को पर्याप्त, स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बढ़ती गर्मी और जल स्रोतों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग, पाइप लाइनों के संधारण, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण एवं संधारण कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर के विभिन्न 14 स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत का कार्य किया जाकर जल संरक्षण के प्रयास किए गए, जिससे जल अपव्यय पर नियंत्रण के साथ प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सका।
इसके साथ ही नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल गुणवत्ता परीक्षण का कार्य भी नियमित रूप से किया जा रहा है। मंगलवार प्रातः निगम की जलप्रदाय शाखा की टीम द्वारा विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर जल स्रोतों एवं वितरण बिंदुओं से 17 जल नमूने एकत्रित कर उनकी जांच हेतु प्रयोगशाला भेजने की कार्यवाही भी की गई, ताकि नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की आपूर्ति ही की जा सके। निगम प्रशासन द्वारा जलापूर्ति संबंधी प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करते हुए आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही हैं। जिन क्षेत्रों में किसी कारणवश जलापूर्ति प्रभावित होती है, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ग्रीष्मकालीन पेयजल प्रबंधन को लेकर जल प्रदाय शाखा की टीमों द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे जल का संयमित उपयोग करें तथा पेयजल आपूर्ति संबंधी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल निगम के नियंत्रण कक्ष अथवा संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि उसका शीघ्र निराकरण किया जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post