कटनी मंडी में गुंडागर्दी और अवैध वसूली!, व्यापारियों ने सचिव से की शिकायत, अनुज्ञप्ति निरस्त करने की मांग

कटनी। कृषि उपज मंडी समिति कटनी (फल-सब्जी मंडी) में इन दिनों व्यापारियों में भारी भय और असुरक्षा का माहौल है। मंडी प्रांगण में खुलेआम चल रही अवैध वसूली, धोखाधड़ी और गाली-गलौज से परेशान होकर समस्त फल और सब्जी व्यापारियों ने आज, 22 जून 2026 को मंडी सचिव को एक लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों का आरोप है कि एक रसूखदार व्यक्ति के आपराधिक कृत्यों के कारण मंडी का व्यापारिक माहौल पूरी तरह चौपट हो रहा है।
शेड दिलाने के नाम पर वसूली
सचिव को सौंपे गए शिकायती पत्र में फल-सब्जी व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने सीधे तौर पर कृष्णहरि खटीक उर्फ सोनू खटीक (निवासी ईश्वरीपुरा वार्ड, कटनी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि मंडी प्रांगण में स्थित शासकीय शेडों में स्थान दिलाने के नाम पर सोनू खटीक द्वारा लगभग 20 व्यापारियों से 10-10 हजार रुपये की राशि अवैध रूप से वसूली गई है। हैरानी की बात यह है कि मोटी रकम ऐंठने के बावजूद न तो व्यापारियों को शेड में जगह दी गई और न ही उनके पैसे वापस किए गए। जब व्यापारियों ने अपनी गाढ़ी कमाई की रकम वापस मांगी, तो उन्हें अश्लील गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई।
धौंस दिखाकर डराने का आरोप
व्यापारियों ने बताया कि आरोपी खुद को मंडी के प्रभावशाली व्यक्तियों से जुड़ा हुआ बताता है और व्यापारियों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देता है। इस मानसिक प्रताड़ना और लगातार मिल रही धमकियों के कारण मंडी के व्यापारी बेहद डरे हुए हैं और भय के साए में व्यापार करने को मजबूर हैं।
थाने में दर्ज है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
शिकायत पत्र के अनुसार, आरोपी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 12 अक्टूबर 2023 को भी मंडी प्रांगण में एक सब्जी व्यापारी रंजीत कछवाहा के साथ सोनू खटीक, संतोष खटीक और दुर्गा प्रसाद उर्फ बल्ली कछवाहा ने मिलकर बर्बरतापूर्वक मारपीट की थी। इस घटना की रिपोर्ट थाना कुठला में अपराध क्रमांक 841/2023 के तहत धारा 294, 323, 325, 506, 34 भा.दं.सं. के अंतर्गत दर्ज है। पुराना आपराधिक रिकॉर्ड होने के बावजूद आरोपी के हौसले बुलंद हैं।
लाइसेंस निरस्त करने की मांग
समस्त फल/सब्जी व्यापारीगण (जिनमें बाबादीन, नितिन पुखार, देवीसिंह राजपूत, चंद्रभान सिंह, राजकमल आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं) ने हस्ताक्षर कर मंडी प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी कृष्णकांत खटीक उर्फ सोनू की मंडी अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) को तुरंत निरस्त किया जाए, क्योंकि नियमानुसार मंडी प्रांगण में आपराधिक गतिविधियां करने और एफआईआर दर्ज होने पर यह कार्रवाई अनिवार्य है। धोखाधड़ी, अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी के मामले में निष्पक्ष जांच कराकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *