दो आदतन अपराधियों को कटनी सहित सीमावर्ती जिलों की सीमाओं से किया बाहर, कुठला पुलिस ने की कार्रवाई

कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में कुठला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आदतन अपराधियों को जिला बदर आदेश के तहत कटनी सहित सीमावर्ती जिलों की सीमाओं से बाहर निष्कासित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना कुठला द्वारा आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही की गई। इसके तहत जोलू उर्फ धर्मेन्द्र चौधरी निवासी पुरैनी एवं अरविन्द चौधरी निवासी शंकरगढ़ पहरुआ के विरुद्ध तैयार प्रकरण जिला दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया था।
जिला दण्डाधिकारी कटनी द्वारा जारी आदेश के अनुसार दोनों आरोपियों को कटनी जिले के साथ-साथ दमोह, उमरिया, पन्ना और मैहर जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के पालन में कुठला पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को संबंधित जिलों की सीमा से बाहर निष्कासित कर दिया।।पुलिस के अनुसार जोलू उर्फ धर्मेन्द्र चौधरी के विरुद्ध सट्टा संचालन, अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट से संबंधित प्रकरण दर्ज हैं, जबकि अरविन्द चौधरी के खिलाफ चोरी, बलात्कार, मारपीट सहित अन्य आपराधिक मामलों में अपराध दर्ज हैं। इनकी गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित हो रहा था।
जिला दण्डाधिकारी ने जोलू उर्फ धर्मेन्द्र चौधरी को पांच माह तथा अरविन्द चौधरी को चार माह की अवधि के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सतना जिले के उचेहरा क्षेत्र की सीमा में छोड़कर आदेश की शर्तों से अवगत कराया तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया ने बताया कि यदि जिला बदर आदेश का उल्लंघन किया गया तो आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, विद्यानन्द मिश्रा, आरक्षक सुरेश कोरी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *