राजीव गांधी वार्ड के गौतम बधवा बगीचा में एयरटेल के प्रस्तावित मोबाइल टावर का विरोध, रहवासियों में आक्रोश

कटनी। शहर के राजीव गांधी वार्ड स्थित गौतम बंधवा क्षेत्र में एयरटेल मोबाइल टावर लगाए जाने को लेकर स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। क्षेत्रवासियों ने टावर स्थापना का विरोध करते हुए इसे आवासीय क्षेत्र और बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं बताया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर मोबाइल टावर लगाए जाने की तैयारी की जा रही है, उसके आसपास घनी आबादी है। इसी क्षेत्र में छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन खेलते हैं तथा आसपास के लोग सुबह-शाम टहलने और अन्य गतिविधियों के लिए भी यहां पहुंचते हैं। ऐसे में रहवासियों ने टावर लगाने के निर्णय पर आपत्ति जताई है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि टावर स्थापना से पहले स्थानीय नागरिकों की सहमति नहीं ली गई। लोगों का कहना है कि यदि आबादी वाले क्षेत्र में टावर लगाया जाता है तो इससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंताएं बढ़ जाएंगी। इसी कारण बड़ी संख्या में लोगों ने इसका विरोध दर्ज कराया है।
रहवासियों ने प्रशासन एवं संबंधित कंपनी से मांग की है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित स्थान पर टावर लगाने की अनुमति न दी जाए और यदि आवश्यक हो तो इसके लिए किसी वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाए।
वहीं, इस संबंध में संबंधित कंपनी एवं प्रशासनिक अधिकारियों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *