नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे शराब तस्कर चढ़े कुठला पुलिस के हत्थे, 360 लीटर अवैध शराब और बलेनो कार जब्त, फिर से शराब का बड़ा जखीरा हुआ जब्त

कटनी। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए 360 लीटर अवैध शराब से भरी एक बलेनो कार जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 19 जून को क्षेत्र में गश्त एवं वाहन चेकिंग के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि एक ग्रे रंग की बलेनो कार क्रमांक MP20ZK0581 में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर शाहनगर की ओर से लाई जा रही है। सूचना के आधार पर इंद्रानगर पुल के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर कार चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, जिसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए अनी नदी पुल के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें 40 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 50-50 पाव शराब रखी हुई थी। कुल 360 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। मौके से पुलिस ने सौरभ सोमकुवर (32 वर्ष) निवासी आजाद नगर गोकलपुर, जबलपुर तथा शिवबहादुर सोनी (28 वर्ष) निवासी रामनगर, रांझी, जबलपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कीमत लगभग 2 लाख रुपये तथा बलेनो कार की कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 7 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया गया है। मामले में थाना कुठला में अपराध क्रमांक 518/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, ताहिर खान, आरक्षक मनोज राजपूत, विजय राणा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *