जिला न्यायालय परिसर में लगा हृदय स्वास्थ्य जांच शिविर, अधिवक्ताओं और नागरिकों ने लिया लाभ
कटनी। जिला न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला अधिवक्ता संघ के संयुक्त तत्वावधान में विशेष हृदय स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर (आरबीएस), ब्लड प्रेशर एवं लिपिड प्रोफाइल जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं। नागपुर से आए वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. निकुंज पवार ने उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। शिविर में त्वरित रिपोर्टिंग की व्यवस्था होने से लोगों को जांच परिणाम भी शीघ्र उपलब्ध कराए गए। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को समय रहते जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश जितेंद्र कुमार ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक व्यक्ति को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मृणालिनी सिंह ने कहा कि जागरूकता और समय पर जांच से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला ने ऐसे स्वास्थ्य शिविरों को समाजहित में उपयोगी बताते हुए इनके नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश अनुज कुमार मित्तल, फैमिली कोर्ट न्यायाधीश भुव भास्कर यादव, न्यायाधीश एसपीएस बुंदेला, राजेश श्रीवास्तव, गोपेश गर्ग, जेपी चढ़ार, कल्पना मरावी, लीला लोधी, विनोद चौधरी, अर्पिता शुक्ला, चेतना झरिया, रेणु श्रीवास्तव, सिल्की गौर, चित्रांगदा मंडलोई, अपूर्व मल्होत्रा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला, पूर्व सचिव रविंद्र गुप्ता, विष्णु बाजपेई, संजय वैश्य, राजेश वर्मा, निर्मल दुबे, अमन राजपाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यालय में लगेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
हृदय स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर की श्रृंखला के तहत शनिवार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आस्था प्लाजा स्थित जिला कांग्रेस शहर कमेटी कार्यालय, बरगवां में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।








