मोहर्रम पर निगम प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर निगमायुक्त नें दिए निर्देश, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, मार्ग सुधार एवं अग्निशमन व्यवस्था हेतु अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित

Oplus_16908288

मोहर्रम पर निगम प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर निगमायुक्त नें दिए निर्देश, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, मार्ग सुधार एवं अग्निशमन व्यवस्था हेतु अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित

कटनी। मोहर्रम पर्व के अवसर पर नगर में 26 जून तक आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों एवं जुलूस के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने मोहर्रम पर्व के अवसर पर धार्मिक स्थलों एवं जुलूस मार्ग में नगर पालिक निगम से संबंधित संपूर्ण विभागीय व्यवस्थाओं को पूर्ण कराने हेतु शैलेष गुप्ता उपायुक्त को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की हैं।
निगम प्रशासन द्वारा मोहर्रम पर्व के दौरान विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई, मार्ग सुधार, अतिक्रमण नियंत्रण एवं अग्निशमन जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पर्व के दौरान निकलने वाले ताजिया एवं मोहर्रम जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मोहर्रम पर्व के दौरान प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों, मस्जिदों के आसपास, कर्बला पहुंच मार्ग, मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित प्राचीन करबला शरीफ गाटर घाट स्थित कर्बला पहुंच मार्ग एवं संपूर्ण मोहर्रम जुलूस मार्ग, तथा मोहन टाकीज के पीछे स्थित मार्ग में विद्युत व्यवस्था के अंतर्गत जुलूस मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने, विद्युत तारों और केबलों की जांच कर आवश्यक सुधार करने तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रभारी कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा एवं अधीनस्थ कर्मचारियों को दिए गए हैं। 
इसी प्रकार उक्त क्षेत्रों पर स्थित गड्ढों की मरम्मत, समतलीकरण  क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के अतिरिक्त सागर रेलवे पुल के पास कब्रिस्तान जाने वाले कर्बला पहुंच मार्ग की मरम्मत तथा आवागमन को सुगम बनाने हेतु विशेष कार्यवाही पूर्ण करनें के निर्देश लोक निर्माण शाखा के सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों को दिए है। मोहर्रम पर्व के दौरान नगर की सुचारू स्वच्छता व्यवस्था के तहत जुलूस मार्गों, सभी धार्मिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान संचालित कर कीटनाशक दवा का छिड़काव करने, नालियों की सफाई, कचरे का नियमित उठाव तथा अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी एवं स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया गया है। साथ ही आवारा पशुओं एवं मवेशियों पर नियंत्रण के लिए विशेष दलों को सक्रिय रखा जाएगा, जिससे जुलूस मार्गों पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के मद्देनजर जुलूस मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने तथा आवश्यकता अनुसार टैंकरों के माध्यम से शुद्ध जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने हेतु कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा एवं सहयोगी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। इसके अतिरिक्त जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखते हुए मार्गों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह को दिए गए हैं। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दल को आवश्यक संसाधनों सहित सतर्क रहने तथा पुलिस कंट्रोल रूम के साथ समन्वय बनाए रखने हेतु प्रभारी फायर नियंत्रण अधिकारी मृदुल श्रीवास्तव को निर्देशित किया गया है। 
कर्बला घाटों पर 16 अधिकारी कर्मचारी नियुक्त
मोहर्रम पर्व पर 26 जून शुक्रवार को गाटर घाट एवं मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित कर्बला शरीफ में उपस्थित रहकर जलकुंड सहित निगम से संपूर्ण व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने हेतु सहायक यंत्री सुनील सिंह एवं अनिल जायसवाल के साथ चार उपयंत्रियों दो स्वच्छता प्रभारी के साथ प्रभारी राजस्व उपनिरीक्षकों, समयपाल, प्रभारी वार्ड दरोगा सहित अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निगमायुक्त श्रीमती तपस्या परिहार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन कर विभागीय व्यवस्था समय पर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा है कि मोहर्रम पर्व के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हों। निगम प्रशासन द्वारा पर्व अवधि में व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post