मोहर्रम पर जुलूस मार्ग की शराब दुकानें बंद रखने की मांग, मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
कटनी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की मांग को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी कटनी ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। कमेटी के जिला अध्यक्ष अहमद कुरैशी ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं एसडीएम कटनी को पत्र लिखकर मोहर्रम के दिन जुलूस मार्ग में स्थित शराब दुकानों को एक दिन के लिए बंद रखने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मोहर्रम मुस्लिम समुदाय का महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों एवं जुलूसों में शामिल होते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जुलूस मार्ग में पड़ने वाली शराब दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखा जाना आवश्यक है। कमेटी के जिला अध्यक्ष अहमद कुरैशी ने बताया कि 26 जून 2026, शुक्रवार को मोहर्रम पर्व मनाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि जुलूस मार्ग पर स्थित सभी शराब दुकानों को एक दिन के लिए बंद रखने के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि समाज के लोग शांतिपूर्ण वातावरण में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कर सकें। उन्होंने कहा कि कटनी शहर हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है तथा मोहर्रम पर्व भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा की गई है।








