कलेक्टर ने बचैया गांव में लगाई रात्रिकालीन चौपाल, ग्रामीणों से किया संवाद, लोगों ने खुल कर बताईं समस्याएं
कटनी । कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरुवार रात जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायत बचैया के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल परिसर में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार भी मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन जारी है। रिमझिम फुहारों के बीच यहां चौपाल में अब तक 52 आवेदनों पर सुनवाई कलेक्टर ने की है। कलेक्टर ने जब ग्रामीणों की बातें सुनना शुरू किया, तो ग्रामीणों ने बिना हिचक अपनी समस्याएं बताना शुरू किया।चौपाल का माहौल कुछ ऐसा बना, मानो गांव का कोई अपना ही सबकी बातें सुनने आया हो। ग्रामीणजन, कलेक्टर की सहजता और सदाशयता से काफी खुश दिखे और यहां की रात्रिकालीन चौपाल ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विश्वास, आत्मीयता और संवेदनशील संवाद का सशक्त उदाहरण बन गई। किसी ने पेयजल की समस्या बताई, तो किसी ने सड़क, बिजली और अपने जमीन से संबंधित समस्याएं तथा शासकीय योजनाओं से जुड़े मुद्दे साझा किए। कलेक्टर श्री तिवारी ने हर व्यक्ति की समस्या को पूरे धैर्य और गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।रात्रि चौपाल में राजस्व से सम्बंधित मामलोँ में आबादी भूमि का पट्टा, 18 जून गुरुवार को बारिश एवं तीव्र गति से आये तूफान से घरेलू पानी की टंकी क्षतिग्रस्त होने और मुआवजा दिलाने, नक्शा में त्रुटि सुधार और खसरे का ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज कराने, राजस्व अभिलेख के रिकॉर्ड में सुधार कराने और बीपीएल कार्ड सूची में नाम जोड़ने तथा वृद्धावस्था पेंशन संबंधी आवेदनो के निराकरण के कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देश दिए। वहीं पुलिस से सम्बंधित मामलों में डराने धमकाने जैसे मामले आये और रात्रि कालीन चौपाल में बिजली कटने और ट्रांसफार्मर बदलवाने तथा ख़राब होने सम्बन्धी आवेदन मिले जिन्हे कलेक्टर तिवारी ने सम्बंधित अधिकारी को नियमानुसार निराकृत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम बचैया के सरपंच राहुल कोरी ने आधार सेवा केंद्र खोलने सम्बन्धी आवेदन दिए।
रात्रि चौपाल में प्रशासन का यह मानवीय और संवेदनशील चेहरा ग्रामीणों को विशेष रूप से प्रभावित करता नजर आया। कलेक्टर को समस्या बताने यहां आये करीब 65 वर्षीय वृद्ध भरत और 70 वर्षीय बेनी प्रसाद निवासी बचैया का कहना था कि जब अधिकारी गांव में आकर उनकी समस्याएं सुनते हैं, तो समाधान की उम्मीद और भी मजबूत हो जाती है। रात्रि चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने पहली बार किसी कलेक्टर को इतनी आत्मीयता और सहजता के साथ अपने बीच बैठकर उनकी बातें सुनते देखा है। यही कारण रहा कि चौपाल केवल शिकायतों का मंच नहीं रही, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच भरोसे के रिश्ते को और मजबूत करने का माध्यम बन गई।
कलेक्टर, एसपी ने की पूजा अर्चना
कलेक्टर श्री तिवारी, एसपी और डीएफओ ने ग्राम बचैया के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में पूजा -अर्चना किया। वैदिक मंत्रो और ऋचाओं की अनुगूंज के बीच कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियोँ ने भगवान हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।








