चंद घंटों में पांच मोबाइल सहित पकड़े गए चोर, कुठला पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो नाबालिगों ने दिया वारदात को अंजाम
कटनी। मोबाइल चोरी के मामले में कुठला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों के कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। जब्त किए गए मोबाइलों की कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार फरियादी हिमांशु प्रजापति (21) निवासी सौरपुर, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश), लमतरा स्थित गुटखा फैक्ट्री में कार्यरत हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 जून की रात भोजन करने के बाद सभी कर्मचारी सो गए थे। सुबह करीब 5 बजे जागने पर उनके पांच मोबाइल फोन—दो ओप्पो, दो रियलमी और एक वीवो—गायब मिले। साथ में काम करने वाले दो युवक भी मौके से अनुपस्थित थे, जिस पर उन्हें चोरी की आशंका हुई। रिपोर्ट के आधार पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 498/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जबलपुर से दो नाबालिग विधि उल्लंघनकारी बालकों को चिन्हित कर उनके कब्जे से चोरी गए पांचों मोबाइल बरामद कर लिए। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह, अजीत मिश्रा, आरक्षक मनोज सिंह एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।








