मोहर्रम को लेकर विजयराघवगढ़ थाने में हुई शांति समिति की बैठक, आपदा प्रबंधन पर भी हुई चर्चा

कटनी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना विजयराघवगढ़ परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमल मौर्य ने की। बैठक में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, नायब तहसीलदार सुनील श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। इस दौरान मोहर्रम पर्व पर निकाले जाने वाले ताजिया जुलूस, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एएसपी कमल मौर्य ने नागरिकों से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों या कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया। बैठक में उपस्थित नागरिकों ने भी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
आपदा प्रबंधन को लेकर भी किया जागरूक
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए बैठक में आपदा प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने लोगों को जलभराव और बाढ़ की स्थिति में नदी-नालों के ऊपर बह रहे पानी से होकर सड़क पार नहीं करने की सलाह दी। साथ ही वर्षा ऋतु में बढ़ने वाले सर्पदंश के मामलों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया और किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचकर इलाज शुरू कराने की अपील की गई। बैठक के अंत में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने उपस्थित सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *