ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह 16 को बस स्टैंड ऑडिटोरियम में, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया जाएगा सम्मानित

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से आयोजित 11 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह सोमवार, 16 जून को दोपहर 4 बजे से स्वामी विवेकानंद सभागार (ऑडिटोरियम), बस स्टैंड कटनी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शिविर के दौरान विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। नगर निगम द्वारा 5 जून से 15 जून तक आयोजित इस शिविर में बच्चों को खेल, कला, सांस्कृतिक गतिविधियों, नृत्य, संगीत, चित्रकला, हस्तकला एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विविध प्रशिक्षण प्रदान किए गए। समापन समारोह में शिविर के दौरान तैयार की गई कलाकृतियों, आर्ट एवं क्राफ्ट सामग्री तथा पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ होगा। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत, ग्रीष्मकालीन शिविर का संक्षिप्त परिचय, लघु फिल्म प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार रचनात्मक कृतियों का अवलोकन कराया जाएगा। समारोह में स्केटिंग, आत्मरक्षा, वादन, गायन, वेस्टर्न डांस एवं कथक नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। समारोह के दौरान शिविर में प्रशिक्षण प्रदान करने वाले मास्टर ट्रेनर्स का सम्मान किया जाएगा तथा विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही प्रतिभागी विद्यार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे और विद्यालयों द्वारा तैयार वार्षिक कैलेंडर का भी विमोचन किया जाएगा।
निगम प्रशासन द्वारा आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए निगम के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साफ-सफाई, मंच सज्जा, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, आमंत्रण, मीडिया समन्वय, पार्किंग, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। यह समारोह बच्चों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में किए गए प्रयासों का उत्सव भी होगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *