खिरहनी से चोरी हुई कार स्लीमनाबाद पुलिस ने की बरामद, आरोपी की तलाश जारी
कटनी। थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने ग्राम खिरहनी से चोरी हुई कार को बरामद कर सफलता हासिल की है, हालांकि कार चोरी करने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश अभी जारी है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खिरहनी निवासी हिमांशु पटेल ने 10 जून 2026 को थाना स्लीमनाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सफेद रंग की रीनॉल्ट ट्राइबर कार (क्रमांक MP20 ZF 2427), जो 24 मई की रात उनके घर के बाहर खड़ी थी, 25 मई की सुबह गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कार की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। शिकायत पर थाना स्लीमनाबाद में अपराध क्रमांक 368/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी हुई कार को थाना क्षेत्र के तिहारी पुलिया के पास लावारिस हालत में बरामद कर लिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और अब कार चोरी करने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय, प्रधान आरक्षक तेजप्रकाश सिंह, आरक्षक रोहित पाटकर एवं सैनिक राजकुमार परोहा की सराहनीय भूमिका रही।








