खेरवा घाट में अवैध रेत परिवहन पर विजयराघवगढ़ पुलिस की कार्रवाई, रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली जप्त

कटनी। जिले में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली जप्त की है। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खेरवा घाट के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली में अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान बिना नंबर की सोनालीका कंपनी की नीले रंग की ट्रैक्टर-ट्राली में रेत भरी पाई गई। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रैक्टर-ट्राली एवं रेत को जप्त कर लिया। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही चालक मौके से फरार हो गया। जप्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से थाना विजयराघवगढ़ परिसर में खड़ा कराया गया है। पुलिस ने वाहन के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह एवं आरक्षक पप्पू प्रजापति की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध रेत परिवहन और खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *