जिले की जर्जर एवं मरम्मत योग्य 82 शालाओं का होगा कायाकल्प, दमकेंगे शिक्षा के मंदिर, कलेक्टर ने डीएमएफ मद से डेढ़ करोड़ से अधिक की राशी की जारी

जिले की जर्जर एवं मरम्मत योग्य 82 शालाओं का होगा कायाकल्प, दमकेंगे शिक्षा के मंदिर, कलेक्टर ने डीएमएफ मद से डेढ़ करोड़ से अधिक की राशी की जारी

कटनी। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के चार विकास खण्डों की 82 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में “मेजर मरम्मत कार्य ” कराने हेतु डीएमएफ मद से एक करोड़ 66 लाख 94 हजार एक सौ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी की है।
जनपद पंचायत कटनी और विजयराघवगढ़ क्षेत्र की 17-17 एवं जनपद पंचायत रीठी और बहोरीबंद की 24-24 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में मेजर मरम्मत कार्य कराए जाकर विद्यालयों का कायाकल्प किया जाएगा। विकासखंड कटनी की 17 शालाओं पर 25.065 लाख, रीठी की 17 शालाओं में 49.986 लाख, विजयराघवगढ़ में 39.708 लाख और बहोरीबंद में 52.182 लाख रुपए की लागत से शिक्षा के मंदिर चमक उठेंगे। स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण में छात्र-छात्राओ की विद्याध्ययन में रुचि बढ़ने से शिक्षा की गुणवत्ता में बढ़ोतरी होगी।
ग्राम पंचायतें होंगी क्रियान्वयन एजेंसी
कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र कटनी द्वारा प्राप्त प्रस्ताव, शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शालाओं का सर्वे/परीक्षण उपरांत तथा कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा जारी तकनीकी स्वीकृति के आधार पर संबंधित ग्राम पंचायतों को क्रियान्वयन एजेंसी अधिकृत करते हुए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की हैं। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम पंचायतों की सघन निगरानी करते हुए नियत समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित शर्तों के मुताबिक क्रियान्वयन एजेंसी कराएंगी कार्य
संबंधित ग्राम पंचायतों (क्रियान्वयन एजेंसी) को निर्धारित 22 बिंदुओं की शर्तों के मुताबिक 3 माह में कार्य पूर्ण कराना होगा। कार्यस्थल पर सूचना पटल लगाते हुए आवश्यक जानकारी का उल्लेख करना होगा। निर्धारित शर्तों की पूर्ति की पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित क्रियान्वयन एजेंसी की होगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post