सघन पौधरोपण अभियान की तैयारियों में जुटा निगम प्रशासन, पौधरोपण की तैयारियों की निगमायुक्त ने की समीक्षा, संरक्षण और जनसहभागिता पर दिया विशेष जोर

कटनी। आगामी वर्षा ऋतु में नगर को अधिक हरा-भरा और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम ने व्यापक पौधरोपण अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। विश्व पर्यावरण दिवस से प्रारंभ हुए पौधरोपण कार्यक्रमों एवं आगामी वृहद वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश विगत दिवस आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए। समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने उद्यान शाखा के अधिकारियों को नगर के प्रमुख मार्गों, उद्यानों, सार्वजनिक स्थलों, शासकीय परिसरों तथा उपलब्ध भूमि पर पौधारोपण हेतु उपयुक्त स्थलों का चयन, गड्ढों की तैयारी, पौधों की उपलब्धता, सिंचाई एवं संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि लगाए गए पौधों का संरक्षण अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधे की नियमित देखरेख और सुरक्षा सुनिश्चित कर उसकी जीवितता बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि पौधारोपण के वास्तविक उद्देश्य की पूर्ति हो सके। बैठक में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने पीपल, नीम, बरगद, आम सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधों के रोपण पर विशेष ध्यान देने को कहा। निगम प्रशासन द्वारा वर्षा ऋतु प्रारंभ होते ही नगर के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सघन वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य केवल हरित आवरण बढ़ाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता की भावना को भी सुदृढ़ करना है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *