पंचायत एवं ग्रामीण विकास की समीक्षा बैठक संपन्न, योजनाओं में प्रगति लाने जिला पंचायत सीईओ ने दिए निर्देश, आंगनबाड़ी निर्माण में लापरवाही पर दो उपयंत्रियों को थमाया नोटिस एक को किया अवैतनिक

पंचायत एवं ग्रामीण विकास की समीक्षा बैठक संपन्न, योजनाओं में प्रगति लाने जिला पंचायत सीईओ ने दिए निर्देश, आंगनबाड़ी निर्माण में लापरवाही पर दो उपयंत्रियों को थमाया नोटिस एक को किया अवैतनिक

कटनी। सांसद एवं विधायक निधि तथा अन्य योजनाओं से स्वीकृत निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत अपूर्ण महिला एवं बाल विकास विभाग से स्वीकृत आंगनवाड़ी भवनों और अन्य निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण तरीके से तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए तत्परता के साथ पूर्ण कराएं। ऐसे निर्देश जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास की समीक्षा करते हुए जनपद स्तरीय अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने विकासखंड वार सांसद निधि एवं विधायक निधि, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, वाटर शेड, अधो संरचना, स्टॉम्प शुल्क, एनआरएलएम, प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना, वृंदावन योजना, आंगनबाड़ी भवनों एवं अन्य योजनाओं कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रगति की जानकारी ली। समीक्षा बैठक में सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी मौजूद रहे। श्रीमती कौर ने महिला एवं बाल विकास विभाग से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण में लापरवाही पाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए जनपद पंचायत रीठी के दो उपयंत्रियों चेतन सोनी और अमित गुप्ता को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना 2.0 सहित केंद्र सरकार एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में त्वरित कार्यवाही करते हुए जरूरत मंद नागरिकों को पात्रता के अनुसार लाभान्वित कराएं। जिला पंचायत सीईओ ने एनआरएलएम की समीक्षा करते हुए जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के राज्य आजीविका मिशन के लोक सेवकों द्वारा खाता खोलने में रुचि नहीं लिए जाने के कारण वेतन कटौती के निर्देश दिए। एबीएम सुधीर बिंद के समीक्षा बैठक में बिना सूचना दिए अनुपस्थिति रहने पर अवैतनिक करने के निर्देश अधिकारियों के दिए।
नागरिकों को पेयजल की उपलब्धता-सर्वोच्च प्राथमिकता
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए नागरिकों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हेतु जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित अपूर्ण नल जल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किए जाने एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करते हुए बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल जल योजनाओं के हस्तांतरित किए जाने के पूर्व भली भांति परीक्षण कर लें। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च प्राथमिकता से नागरिकों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत एवं अन्य योजनाओं से स्वीकृत निर्माण कार्यों को नियत समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूर्ण कराते हुए भौतिक पूर्णता एवं सीसी जारी कराया जाना सुनिश्चित करें। श्रीमती कौर ने समीक्षा करते हुए नागरिकों से आवेदन पत्रों, शिकायतों और समस्याओं के प्रति जवाबदेही से संवेदनशील रहकर तत्परतापूर्वक कार्यवाही कर समाधान करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी वन श्री कुवैती, परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषि राज चढ़ार, स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रबंधक कमलेश सैनी, सहायक परियोजना अधिकारी डॉ मृगेंद्र सिंह एवं अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

पंचायत एवं ग्रामीण विकास की समीक्षा बैठक संपन्न, योजनाओं में प्रगति लाने जिला पंचायत सीईओ ने दिए निर्देश, आंगनबाड़ी निर्माण में लापरवाही पर दो उपयंत्रियों को थमाया नोटिस एक को किया अवैतनिक