अब चेतावनी बोर्ड रोकेंगे ब्लैक स्पॉट सुर्खी टैंक पर दुर्घटनाएं, यातयात पुलिस की एक और कवायत

अब चेतावनी बोर्ड रोकेंगे ब्लैक स्पॉट सुर्खी टैंक पर दुर्घटनाएं, यातयात पुलिस की एक और कवायत

कटनी। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने थाना एनकेजे क्षेत्र अंतर्गत सुर्खी टैंक (सरसवाही मार्ग) स्थित चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर विशेष सुरक्षा उपाय शुरू किए हैं। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह द्वारा स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गईं। यातायात पुलिस के अनुसार सुर्खी टैंक क्षेत्र में पूर्व में लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रही हैं, जिनमें कई लोगों की मौत तथा गंभीर चोटें होने की घटनाएं सामने आई थीं। इन हादसों को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्र में चेतावनी एवं जन-जागरूकता संबंधी फ्लेक्स बोर्ड तथा सावधानी संकेतक लगाए गए हैं। स्थापित किए गए बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरटेकिंग से बचने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा सड़क पर सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। यातायात पुलिस ने स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन की रक्षा के लिए भी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। यातायात पुलिस कटनी ने बताया कि जिले के अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का भी सर्वेक्षण किया जाएगा और वहां आवश्यक सुधारात्मक एवं जागरूकता संबंधी कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य जनसहयोग के माध्यम से सुरक्षित एवं दुर्घटना मुक्त यातायात व्यवस्था स्थापित करना है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post