वरिष्ठ अधिकारियों सहित 15 थाना प्रभारी और 117 से अधिक पुलिसकर्मी रात भर करते रहे कांबिंग गस्त, 117 वारंटी गिरफ्तार; बदमाशों और जिलाबदर अपराधियों की हुई सघन चेकिंग

वरिष्ठ अधिकारियों सहित 15 थाना प्रभारी और 117 से अधिक पुलिसकर्मी रात भर करते रहे कांबिंग गस्त, 117 वारंटी गिरफ्तार; बदमाशों और जिलाबदर अपराधियों की हुई सघन चेकिंग

कटनी। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में एक साथ की गई इस कार्रवाई के दौरान 117 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और जिलाबदर अपराधियों की सघन जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान में सीएसपी नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी विजयराघवगढ़ धीरेन्द्र धार्वे, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी सहित जिले के 15 थाना प्रभारी और 170 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे। सभी अधिकारी स्वयं मैदान में उतरकर कार्रवाई का नेतृत्व करते रहे। अभियान के दौरान विभिन्न न्यायालयों से जारी 50 गिरफ्तारी वारंट और 27 स्थायी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 50 गुंडा बदमाशों और 43 निगरानी बदमाशों के घरों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। दो जिलाबदर अपराधियों की भी जांच की गई।
रात्रिकालीन कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी अभियान चलाया, जिसमें 26 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 12 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 42 चालान बनाए गए। सार्वजनिक स्थान पर अवैध हथियार रखने के मामले में एक व्यक्ति के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न धाराओं के तहत 214 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक और निवारक कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने आदतन अपराधियों के डोजियर भी भरवाए और उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कांबिंग गश्त और विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post