बलिदान स्थल पर कैंटीन खोलने के प्रस्ताव का विरोध, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
कटनी/जबलपुर। अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान स्थल संग्रहालय परिसर में प्रस्तावित कैंटीन निर्माण का विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विरोध जताया है। इस संबंध में गढ़ा गोंडवाना संरक्षण संघ, डोमा परिसंघ, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एवं अन्य सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जबलपुर स्थित गोंडवाना चौक पर एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया।
डोमा परिसंघ जिला कटनी के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके ने बताया कि धरने के दौरान राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार रांझी को सौंपा गया। ज्ञापन में शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की स्मृति में 52 फीट ऊंचा कीर्ति स्तंभ स्थापित करने, गोंडवाना साम्राज्य के प्रतीक हाथी और शेर चिन्ह सहित भव्य प्रवेश द्वार बनाने, आदिवासी समाज के उत्थान एवं संरक्षण के लिए सामाजिक भवन और कार्यालय निर्माण, 1857 की क्रांति में आदिवासी बलिदानियों के इतिहास संरक्षण हेतु लाइब्रेरी की स्थापना तथा कोलकाता संग्रहालय में संरक्षित गोंडवाना साम्राज्य के अस्त्र-शस्त्रों को जबलपुर संग्रहालय में लाने की मांग की गई।
संगठनों ने संग्रहालय परिसर में प्रस्तावित कैंटीन निर्माण का भी विरोध करते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई। धरने को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अमान सिंह पोर्ते, गढ़ा गोंडवाना संरक्षण संघ के संभागीय अध्यक्ष किशोरीलाल भलावी, जिलाध्यक्ष नेम सिंह मरकाम, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष सखावत खान, राष्ट्रीय अध्यक्ष खेमराज झारिया सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बहुजन एकता मोर्चा, भीम आर्मी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभा का संचालन नेम सिंह मरकाम ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अजय झारिया ने व्यक्त किया। धरने में सैकड़ों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।








