गरीब परिवार के बेटे ने रचा इतिहास, एमपी पीएससी में बाजी मारकर बना परिवहन उपनिरीक्षक
कटनी। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग 2025 की परीक्षा में कटनी जिले के बिचुआ गांव के रहने वाले अरविंद कुमार रैदास ने शानदार सफलता हासिल की है। अरविंद का चयन परिवहन विभाग में उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के पद पर हुआ है।
अरविंद बेहद साधारण और गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता अर्जुन प्रसाद लंबे समय से श्रमिक के रूप में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी। पिता के संघर्ष और अरविंद की कड़ी मेहनत रंग लाई और उसने एमपी पीएससी जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया।
अरविंद की इस उपलब्धि से बिचुआ गांव सहित पूरे कटनी जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है। सफलता की खबर मिलते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों का कहना है कि अरविंद ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। उनकी कहानी आज जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
अर्जुन प्रसाद ने बताया कि उन्होंने मजदूरी करके बेटे को पढ़ाया-लिखाया। अरविंद ने भी पिता के सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया। संसाधनों की कमी के बावजूद उसने हार नहीं मानी और आखिरकार उपनिरीक्षक बनकर अपने परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।








