गैतरा में लहलहा रहे थे गांजे के पौधे, माधवनगर पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6.6 किलो हरे गांजा के पौधों सहित आरोपी गिरफ्तार

कटनी। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माधवनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध रूप से गांजे की खेती करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6 किलो 600 ग्राम वजन के हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डहेरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 को पुलिस टीम गश्त के दौरान ग्राम गैतरा पहुंची, जहां आरोपी सोनेलाल पटेल (68 वर्ष) अपनी बाड़ी में गांजा के पौधे लगाए हुए था। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा के पौधे लगाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए खेत में लगे गांजा के पौधों को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल कटनी भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेश बागरी, प्रधान आरक्षक शोभनाथ शर्मा, आरक्षक आशीष श्रीवास, राकेश साहू एवं उमाकांत तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नशे के विरुद्ध कटनी पुलिस का अभियान लगातार जारी है और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *