सिंहस्थ-2028 की चुनौतियों से निपटने के गुरु सीख रही कटनी पुलिस, 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का हुआ आगाज, डीआईजी अतुल सिंह ने किया शिविर का शुभारंभ

सिंहस्थ-2028 की चुनौतियों से निपटने के गुरु सीख रही कटनी पुलिस, 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का हुआ आगाज, डीआईजी अतुल सिंह ने किया शिविर का शुभारंभ

कटनी। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए कटनी पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को जिला मुख्यालय में पुलिस बल के लिए 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जबलपुर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) अतुल सिंह एवं कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डीआईजी अतुल सिंह ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है, जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेकर व्यवहारिक दक्षता विकसित करने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य पुलिस बल को सिंहस्थ के दौरान आने वाली चुनौतियों और व्यवस्थाओं के लिए पहले से तैयार करना है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण, सम्मानजनक व्यवहार और त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। टी.ओ.टी. (ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स) मॉडल पर आधारित इस प्रशिक्षण में चयनित मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा, जो आगे जिले के समस्त पुलिस बल को निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार प्रशिक्षण देंगे। इसके लिए विस्तृत प्रशिक्षण कैलेंडर और दिशा-निर्देश भी तैयार किए गए हैं।
शिविर में यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आवासीय एवं लॉजिस्टिक व्यवस्था, आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया, संवाद कौशल, सॉफ्ट स्किल्स, जनसंपर्क और सेवा भाव आधारित पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, यातायात प्रभारी निरीक्षक अनुप सिंह, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, निरीक्षक अखिलेश दाहिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण सत्रों के सफल संचालन और प्रभावी मॉनिटरिंग का भरोसा जताया। सिंहस्थ-2028 को लेकर कटनी पुलिस की यह पहल भविष्य की चुनौतियों से निपटने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post