पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुआ राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन
कटनी। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम कार्य दिवस पर आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में राष्ट्रगान “जन गण मन” एवं राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का गायन करते हुए देश के प्रति अपनी निष्ठा, श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रहित एवं कर्तव्यनिष्ठा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम कार्य दिवस पर शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ किया जाता है।








