चाचा पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला भतीजा चंद घंटों में गिरफ्तार, एनकेजे पुलिस ने दबोचा, पारिवारिक रंजिश के कारण किया था हमला

Oplus_16908288

चाचा पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला भतीजा चंद घंटों में गिरफ्तार, एनकेजे पुलिस ने दबोचा, पारिवारिक रंजिश के कारण किया था हमला

कटनी। एनकेजे पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पारिवारिक रंजिश के चलते अपने ही चाचा पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 की रात भोलू उर्फ भगवानदास जायसवाल अपने परिचित के साथ तिलक कॉलेज क्षेत्र की ओर गया था। इसी दौरान महामाया कॉलोनी के पास उसकी मुलाकात रिश्ते में भतीजे लगने वाले अभिषेक जायसवाल से हुई। दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद अभिषेक ने जान से मारने की नीयत से भोलू जायसवाल के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर थाना एनकेजे में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी की पहचान हुई। पुलिस ने आरोपी अभिषेक जायसवाल (23 वर्ष), निवासी महामाया कॉलोनी, थाना एनकेजे को उसके घर के पास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि घायल भोलू जायसवाल आरोपी का रिश्ते में चाचा लगता है और दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से आपसी मनमुटाव चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल कटनी भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लोहे का धारदार चाकू भी जब्त किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत, उपनिरीक्षक नरेश झारिया, प्रधान आरक्षक गणेश दत्त मिश्रा, आरिफ हुसैन, आशीष शुक्ला, आरक्षक अर्पित पटेल सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post