सम्मान के साथ निगम परिवार ने दी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को विदाई, गरिमामय समारोह के बीच नगर निगम के सात कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त

सम्मान के साथ निगम परिवार ने दी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को विदाई, गरिमामय समारोह के बीच नगर निगम के सात कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त

कटनी। वर्षों तक नगर सेवा में समर्पित भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले नगर निगम के सात कर्मचारियों को शुक्रवार को भावपूर्ण वातावरण में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। निगम के एम.आई.सी. कक्ष में आयोजित गरिमामय समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं यशस्वी जीवन की कामना की। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में जल प्रदाय शाखा के सहायक वर्ग-2 प्रेमलाल चौधरी, राजस्व विभाग के ए.आर.आई. महेश पटेल, सामान्य प्रशासन विभाग के भजनलाल यादव तथा स्वास्थ्य विभाग के सफाई संरक्षक श्री महेश, श्रीमती लीला, श्रीमती द्रोपती एवं श्रीमती गंगा शामिल रहे। इन सभी कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं प्रदान कर नगर निगम की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर महापौर प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, आयुक्त तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य बीना संजू बैनर्जी एवं उमेंद्र अहिरवार, डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू शिब्बू, पार्षद मौसुफ बिट्टू, लव साहू, रेखा संजय तिवारी सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों का श्रीफल, पुष्पमाला एवं स्मृति-चिन्ह एवं तुलसी का गमला भेंट कर सम्मान किया। सभी ने उनके दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम के दौरान निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने साथियों का तिलक-वंदन एवं पुष्पमालाओं से स्वागत कर उनके प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की। भावुक माहौल के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवा काल के अनुभव साझा करते हुए निगम परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नगर निगम अपने कर्मचारियों के योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण करता है और सेवा निवृत्ति को एक नई शुरुआत के रूप में देखता है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

🌟माफिया राज🌟 गोल बाजार निवासी अग्रवाल ने आदिवासी पति-पत्नी के नाम पर खरीदी सैकड़ो एकड़ जमीन, अब दे रहे जान से मारने की धमकी, एसपी से लगाई सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार, करीब 200 एकड़ जमीन की कथित खरीद-फरोख्त का मामला…

🌟सार्थक पहल🌟 एसीसी खदान में संग्रहित होगा वर्षाजल, संचयन मॉडल का निगमायुक्त ने किया निरीक्षण, पौधारोपण, फेंसिंग एवं एप्रोच रोड बनाने दिये निर्देश,।पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की भी तैयारी