विजयराघवगढ़ पुलिस ने रेत का अवैध परिवहन करते चार ट्रैक्टर किए जब्त, महानदी के गुड़ेहा घाट से हो रही थी रेत तस्करी

कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार रेत से भरे ट्रैक्टर जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस एवं 4/21 खनन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रीतेश शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा महानदी क्षेत्र में रेत उत्खनन एवं परिवहन के लिए किसी वैध कंपनी को अनुमति नहीं दी गई है, जिसके चलते क्षेत्र में रेत खनन एवं परिवहन पर रोक लागू है। इसके बावजूद 28-29 मई 2026 की दरम्यानी रात महानदी के गुड़ेहा घाट से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन किए जाने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए विजयराघवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से चार ट्रैक्टर जब्त किए, जिनमें महिन्द्रा कंपनी के तीन तथा सोनालिका कंपनी का एक ट्रैक्टर शामिल है। सभी वाहनों में अवैध रूप से रेत भरी हुई पाई गई। पुलिस ने जब्त वाहनों को कब्जे में लेकर धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए खनन अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। फरार वाहन चालकों एवं संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रीतेश शर्मा, उपनिरीक्षक जयराम साकेत, आरक्षक पप्पू प्रजापति, आरक्षक चालक मज्जू कोल सहित पुलिस टीम, मुखबिर एवं स्वतंत्र साक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *