रोशन नगर में 15 लाख की सीसी नाली का हुआ भूमिपूजन, जलभराव से मिलेगी राहत
कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा शहर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्रीरामजानकी हनुमान वार्ड अंतर्गत रोशन नगर में कमल होटल के पीछे विभिन्न स्थानों पर लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता एवं एमआईसी सदस्यों की मौजूदगी में वार्डवासी अर्जुन अहिरवार और पुरुषोत्तम गौतम ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी उपस्थित रहे। महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि बेहतर सड़क, नाली और स्वच्छता व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या आमजन के लिए बड़ी परेशानी बनती है, लेकिन सीसी नाली निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और गंदगी व जलभराव से राहत मिलेगी। महापौर ने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग करने तथा क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने की अपील भी की।
क्षेत्रीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता ने कहा कि वार्डवासियों द्वारा लंबे समय से बेहतर नाली व्यवस्था की मांग की जा रही थी, जिसे प्राथमिकता के साथ स्वीकृत कराया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड के समग्र विकास के लिए आगे भी आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी वार्ड में इसी तरह विकास कार्यों को गति मिलती रहेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, बीना बैनर्जी, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद एडवोकेट मनोज गुप्ता, विजु पंचम दहिया, प्रीतम सिंह, रजनीश, संतोष श्रीवास्तव, अधिवक्ता राजेश चावरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।








