बिलहरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को किया गिरफ्तार, पेट में छुरा मारकर किया था जानलेवा हमला, जंगल से दबोचा गया आरोपी

कटनी। जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के तहत बिलहरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने देर रात जंगल में तलाश कर आरोपी को पकड़ा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 मई 2026 को फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ग्राम बड़खेरा स्थित अपने खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में प्रहलाद पटेल उर्फ पला ने उसे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फरियादी के पेट में छुरे से वार कर दिया। बचाव करने के दौरान फरियादी की जांघ में भी चोट आई। आरोपी ने दोबारा हमला करने का प्रयास किया, तभी राजेंद्र और संदीप पटेल ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डहेरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एवं थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय एवं पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर कनकी जंगल की ओर भाग गया है। देर रात तक लगातार सर्चिंग के बाद पुलिस ने ग्राम बड़खेरा के जंगल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त छुरा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक व्यास गुप्ता, भारत विश्वकर्मा, संतोष प्रजापति, आरक्षक सौरभ जैन, लव उपाध्याय, दिल्केश्वर सिंह, संदीप भलावी, विकास तथा सैनिक धनेंद्र त्रिपाठी की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *