उड़ीसा से जुड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा, एनकेजे पुलिस ने दो बड़े सप्लायर दबोचे, पकड़े गए तस्करों ने उगले थे राज

कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनकेजे पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 16 किलो गांजा तस्करी मामले में कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से जुड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा किया है। मामले में दो बड़े सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई।
कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए एनकेजे थाना प्रभारी भूपेंद्र राजपूत ने बताया कि विगत 14 मई को ग्राम हिरवारा स्थित पनहा तालाब के पास एनकेजे पुलिस ने दमोह निवासी रणजीत सिंह और दीपक लोधी को 16 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी गांजा साड़ियों में छिपाकर परिवहन कर रहे थे। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि गांजा उड़ीसा के मामू उर्फ पंकज मेहर और प्रियवर्धन भोई से खरीदा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबरों और नेटवर्क की तकनीकी जांच की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उड़ीसा के बरगढ़ और बौध जिलों में दबिश देकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बरगढ़ निवासी मामू उर्फ पंकज मेहर तथा बौध निवासी प्रियवर्धन भोई शामिल हैं। दोनों को कटनी लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों, सप्लाई चैन और मादक पदार्थों के स्रोतों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस कार्रवाई में एनकेजे थाना प्रभारी उप निरीक्षक रूपेंद्र राजपूत, उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, नरेश झारिया, प्रधान आरक्षक रमेश सिंह, आरक्षक अर्पित पटेल, विजय राणा, अमित श्रीपाल, विनोद मार्को, नरेंद्र टेकाम, ओम शिव तिवारी एवं सैनिक प्रेमलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *