सैय्यद बाबा उर्स को लेकर पुलिस अलर्ट, यातायात व्यवस्था में किया बदलाव

कटनी। नगर निगम के समीप स्थित दरगाह शरीफ में आयोजित होने वाले सैय्यद बाबा उर्स को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस एवं यातायात विभाग ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह एवं कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने उर्स आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात संचालन को सुचारू रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन समिति को निर्देश दिए गए कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लागू रहेगा डायवर्सन
पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार शाम 6 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक मिशन चौक से मुख्य रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर आंशिक यातायात डायवर्सन लागू किया गया है।
वैकल्पिक मार्ग
मिशन चौक से मुख्य रेलवे स्टेशन जाने वाले सभी वाहन अब सीधे मार्ग के बजाय मिशन चौक – मुड़वारा स्टेशन – थाना तिराहा – सुभाष चौक मार्ग से होकर गुजरेंगे।
वन-वे व्यवस्था
थाना तिराहा से मिशन चौक की ओर जाने वाला मार्ग पूर्णतः वन-वे रहेगा। इस मार्ग पर वाहन केवल थाना तिराहा से मिशन चौक की दिशा में ही संचालित हो सकेंगे। विपरीत दिशा से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कटनी पुलिस ने नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें, ताकि उर्स कार्यक्रम सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *