सब्जी मंडी चाकूबाजी कांड में 5 आरोपी गिरफ्तार, पैसों के विवाद में हुआ हमला, सरेआम मारपीट करते हुए किया था जानलेवा हमला

कटनी। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र बिलैया तलैया सब्जी मंडी में हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था, वहीं पुलिस की तेजी से हुई कार्रवाई से आमजन में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को जिला अस्पताल से सूचना मिली कि गिरजा घाट निवासी प्रशांत सोनी गंभीर घायल अवस्था में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ की। घायल प्रशांत सोनी ने पुलिस को बताया कि उसका अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया से पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। वह अपना पैसा लेने बिलैया सब्जी मंडी पहुंचा था, जहां लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया, अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया, राज उर्फ प्यारे चौरसिया, शुभम उर्फ चुन्नू एवं एक अन्य बालक मौजूद थे। इसी दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ने पर जान से मारने की नीयत से प्रशांत सोनी पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में उसकी पीठ, कमर और बाएं हाथ पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने लात-घूंसों से भी मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 495/26 धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी गई। कोतवाली पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। पुलिस ने चाकूबाजी कांड के आरोपी लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया (59) निवासी बिलैया सब्जी मंडी, राज उर्फ प्यारे चौरसिया (21) निवासी गांधीगंज, अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया (27) निवासी बिलैया सब्जी मंडी, शुभम उर्फ चुन्नू चौरसिया (26) निवासी बिलैया सब्जी मंडी एवं एक विधि-विरुद्ध बालक (16) निवासी नई बस्ती, कटनी को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह वारदात हुई। घायल का उपचार जारी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सउनि रामेश्वर प्रसाद पटेल, प्रधान आरक्षक अखण्ड प्रताप, वीरेन्द्र तिवारी, वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, नीरज तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, दीपक तिवारी, अजीत सिंह, अभिषेक राय, अनिल गौतम, अमरजीत सिंह, मंसूर हुसैन, दिनेश सेन एवं चालक विकास राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *