चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस, ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक में बनी रणनीति

चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस, ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक में बनी रणनीति

कटनी। आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में तैयारी तेज कर दी है। गुरुवार को जिला मुख्यालय में आयोजित ब्लॉक अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी की वर्तमान स्थिति, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिले भर के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह तथा जिला कांग्रेस प्रभारी मनु मिश्रा की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्षों से वन-टू-वन चर्चा कर जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
जिलाध्यक्ष कुंवर सौरभ सिंह ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी को गांव-गांव और वार्ड स्तर तक सक्रिय करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने और पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं जिला प्रभारी मनु मिश्रा ने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत संगठन की मजबूती पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से आम जनता परेशान है और कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाए।
बैठक में जिले की मुड़वारा, बड़वारा, विजयराघवगढ़ एवं बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा की गई तथा आगामी चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक बसंत सिंह, विधानसभा प्रभारी दुर्गेश पटेल, ओंकार सिंह, राजेश चौबे, मयंक त्रिपाठी, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सैनी, संतोष पटेल, नदीम मोहम्मद, चिंतामन तिवारी, आनंद मिश्रा, विकास निगम, रमाकांत दुबे, रवींद्र सिंह छोटू, सुशील जैसवाल, शरद द्विवेदी, मोहित शर्मा, विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post