बहोरीबंद में चक्का जाम, दलित महिला उत्पीड़न मामले को लेकर धरना प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई को लेकर असंतोष
कटनी। जिले के बहोरीबंद में बुधवार को पथराड़ी पिपरिया में दलित महिला के साथ कथित जातिगत उत्पीड़न एवं मारपीट के मामले को लेकर एससी समाज और विभिन्न एससी/एसटी संगठनों के द्वारा चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले के आरोपी नंदकिशोर उर्फ गुड्डू को जमानत मिल जाने से समाज में भारी आक्रोश है। समाज के लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और जांच में लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। विरोध में बुधवार शाम बहोरीबंद बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और चक्का जाम कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान “न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा” जैसे नारे लगाए गए। एससी समाज एवं एससी/एसटी संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।








