शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने मैदान में उतरे एसपी, बरगवां, मिशन चौक और चंडाक चौक का किया निरीक्षण, सीवर लाइन कार्य से बने बिगड़े हालात

शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने मैदान में उतरे एसपी, बरगवां, मिशन चौक और चंडाक चौक का किया निरीक्षण, सीवर लाइन कार्य से बने बिगड़े हालात

कटनी। शहर में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मंगलवार को शहर के प्रमुख यातायात प्रभावित क्षेत्रों बरगवां, मिशन चौक एवं चंडाक चौक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीती संध्या निर्मित जाम की स्थिति का जायजा लिया गया, जहां सीवर लाइन निर्माण कार्य के चलते मार्ग के वन-वे होने से आवागमन प्रभावित पाया गया। निरीक्षण के बाद नव नियुक्त यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह को यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने संबंधित क्षेत्रों में पर्याप्त बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
समस्या के स्थायी समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आकस्मिक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी, नगर निगम कमिश्नर तपस्या परिहार सहित सीवर लाइन निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के बाद संबंधित क्षेत्रों में बैरिकेड्स एवं सांकेतिक चिन्ह लगाए गए और यातायात पुलिस ने मुस्तैदी के साथ ड्यूटी संभाली। इसके परिणामस्वरूप यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही और जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई। इस पूरी व्यवस्था को सफल बनाने में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह, सूबेदार सोनम उइके, उप निरीक्षक सुदामा प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर बागरी, आरक्षक राजकुमार, सुरेन्द्र तथा सैनिक सुरेन्द्र निगम, राकेश बड़गैयां और मनीष बर्मन सहित यातायात थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post