संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का कल कटनी अल्प प्रवास, Z+ सुरक्षा के बीच रेलवे स्टेशन से शहडोल के लिए होंगे रवाना, पुलिस अलर्ट

कटनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत कल यानी 20 मई की सुबह अल्प प्रवास पर कटनी आ रहे हैं। संघ प्रमुख के आगमन को लेकर आज से ही स्थानीय पुलिस और रेल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस अलर्ट
संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत को केंद्र सरकार द्वारा Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से कटनी पुलिस और रेल पुलिस (GRP/RPF) खास सतर्कता बरत रही है। स्टेशन परिसर और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया गया है।
नागपुर से कटनी होकर शहडोल का सफर
संघ से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार, सरसंघचालक जी संघ मुख्यालय नागपुर से रवाना होकर नागपुर-रीवा इतवारी एक्सप्रेस से कल सुबह कटनी स्टेशन पहुंचेंगे। सूत्रों की मानें तो बेहद गोपनीय रखे गए इस दौरे की भनक केवल संघ के चुनिंदा और बड़े पदाधिकारियों को ही है। डॉ. भागवत की अगवानी के लिए संघ के प्रांतीय पदाधिकारी आज रात में ही कटनी पहुंच रहे हैं, जो सुबह स्टेशन पर मौजूद रहेंगे। कटनी स्टेशन पर उतरने के कुछ ही समय बाद वे सीधे सड़क मार्ग से शहडोल के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व जब संघ प्रमुख कटनी आए थे, तब उन्होंने यहां के डीपीएस (DPS) स्कूल में विश्राम किया था। उस दौरान उन्होंने स्कूल स्टाफ और बच्चों से मुलाकात कर काफी वक्त बिताया था, जहां उनसे मिलने के लिए संघ के कई प्रमुख कार्यकर्ता और स्वयंसेवक पहुंचे थे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *