जनसुनवाई में पुलिस अधिकारियों ने सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
कटनी। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में नगर पुलिस अधीक्षक , एसडीओपी स्लीमनाबाद एवं डीएसपी अजाक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत को प्राथमिकता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं, जिन पर अधिकारियों ने फरियादियों को शासन की गाइडलाइन का पालन करने एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। साथ ही आवश्यक कार्रवाई हेतु साइबर सेल को भी निर्देशित किया गया। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, आपसी विवाद, पैसों के लेन-देन, पुलिस द्वारा सुनवाई न होने, भूमि एवं प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध तथा अन्य पुलिस संबंधी समस्याएं शामिल रहीं। वहीं अन्य विभागों से संबंधित मामलों में आवेदकों को संबंधित विभाग से संपर्क करने की समझाइश दी गई। इस अवसर पर अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।








