कटनी में विस्फोटक इकाइयों पर प्रशासन की पैनी नजर, कलेक्टर के निर्देश पर पटाखा फैक्ट्रियों, विस्फोटक मैगजीन और अमोनियम नाइट्रेट स्टोर हाउसों की सघन जांच

कटनी में विस्फोटक इकाइयों पर प्रशासन की पैनी नजर, कलेक्टर के निर्देश पर पटाखा फैक्ट्रियों, विस्फोटक मैगजीन और अमोनियम नाइट्रेट स्टोर हाउसों की सघन जांच

कटनी। जिले में नागरिक सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में संचालित पटाखा फैक्ट्रियों, विस्फोटक भंडारण मैगजीनों एवं अमोनियम नाइट्रेट फैक्ट्रियों व स्टोर हाउसों का व्यापक निरीक्षण और भौतिक सत्यापन अभियान चलाया गया। अनुविभाग, तहसील एवं थाना स्तर पर गठित संयुक्त जांच दलों ने विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों, लाइसेंस शर्तों और विस्फोटक अधिनियमों के पालन की स्थिति की गहन जांच की। कलेक्टर श्री तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि विस्फोटक पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं उपयोग में शासन द्वारा निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, नियमों का उल्लंघन अथवा सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि कलेक्टर द्वारा 7 अप्रैल को जारी आदेश के तहत गठित जांच दलों को प्रत्येक लाइसेंसधारी इकाई का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अधिकारियों ने लाइसेंसधारियों के नाम, लाइसेंस जारी करने वाली संस्था, लाइसेंस की वैधता अवधि एवं निर्धारित शर्तों के अनुपालन की विस्तार से जांच की। निरीक्षण के दौरान विस्फोटक पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण स्थलों का जायजा लेते हुए वहां उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं और मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई। अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा संधारित अभिलेखों के आधार पर विस्फोटक सामग्री के क्रय-विक्रय एवं भंडारण का भौतिक सत्यापन भी किया गया। जांच टीमों ने फैक्ट्रियों एवं स्टोर हाउसों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, फायर एक्सटिंग्विशर, सैंड बकेट, आपातकालीन निकास मार्ग, सुरक्षा संकेतक बोर्ड तथा कर्मचारियों को दिए जाने वाले सुरक्षा प्रशिक्षण की स्थिति का भी निरीक्षण किया।
इस अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विस्फोटक विभाग, राजस्व विभाग, नगरीय निकाय एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने संचालकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने, अभिलेख अद्यतन रखने और सुरक्षा उपकरणों को हमेशा क्रियाशील स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिला प्रशासन इस दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में संचालित विस्फोटक इकाइयों के बीच सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर गंभीर संदेश गया है। प्रशासन की यह पहल नागरिक सुरक्षा के प्रति उसकी संवेदनशीलता, सतर्कता और जवाबदेह कार्यशैली को दर्शाती है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post