17 दिन बाद समाप्त हुआ युवा कांग्रेस का किसान न्याय सत्याग्रह, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
कटनी। जिले के बड़वारा मुख्यालय में पिछले 17 दिनों से चल रहा युवा कांग्रेस का किसान न्याय सत्याग्रह शनिवार को संपन्न हो गया। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में चले इस आंदोलन के अंतिम दिन कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर सत्याग्रह का समापन किया। समापन अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता बड़वारा में एकत्रित हुए। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह, पूर्व विधायक बसंत सिंह, प्रदेश सचिव दिव्यांशु अंशु मिश्रा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने कहा कि जिले में गेहूं उपार्जन कार्य के दौरान किसान गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। कहीं स्लॉट बुक नहीं हो रहे हैं, तो कहीं तुलाई और वारदाने की समस्या बनी हुई है, लेकिन सरकार किसानों की सुध लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को जगाने के लिए आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचा है और कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों और गरीबों के हित में संघर्ष करती रही है। इस अवसर पर पूर्व विधायक बसंत सिंह, विधानसभा प्रभारी ओमकार सिंह, अंशु मिश्रा और युवक कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार किसान और युवा विरोधी है तथा लगातार युवाओं के भविष्य और किसानों के अधिकारों के साथ छलावा किया जा रहा है। नेताओं ने हाल ही में हुए नीट (NEET) परीक्षा विवाद को भी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताया।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने केंद्र सरकार की विदेश व्यापार नीति और कथित “यूएस ट्रेड डील” पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह किसानों के हितों पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान पहले ही खाद, बीज और फसलों के उचित दाम के लिए परेशान है और ऐसी नीतियां किसानों की मुश्किलें और बढ़ाएंगी। स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए उन्होंने कहा कि कटनी जिला प्रदेश में सबसे अधिक खदानों और फैक्ट्रियों वाला क्षेत्र होने के बावजूद यहां के युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बड़वारा क्षेत्र में संचालित बिरला व्हाइट सीमेंट और जेके व्हाइट सीमेंट प्लांट प्रबंधन पर बाहरी राज्यों के लोगों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की।
सत्याग्रह के समापन पर राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में युवा कांग्रेस ने मांग की कि किसानों के हितों को प्रभावित करने वाली नीतियों को वापस लिया जाए, स्थानीय उद्योगों में क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार देना अनिवार्य किया जाए तथा कंपनियों के CSR फंड से क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल और स्कूल बनाए जाएं। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह, पूर्व विधायक विजय राघवेंद्र सिंह, प्रदेश सचिव विक्रम प्रताप सिंह, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा, जनपद सदस्य सुनील बघेल, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








