स्वच्छ सर्वेक्षण तैयारियों को लेकर निगमायुक्त सख्त, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और नागरिक सहभागिता पर विशेष फोकस
कटनी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शुक्रवार प्रातः नगर निगम कार्यालय में वृहद समीक्षा बैठक आयोजित कर स्वच्छता सर्वेक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं ,स्वच्छता गतिविधियों एवं नगर की सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा – निर्देश दिए।
शासन की गाइडलाइन अनुसार कार्यों की समीक्षा
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं टूल किट चेकलिस्ट के आधार पर शहर में संचालित स्वच्छता गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
कचरा प्रबंधन से लेकर सार्वजनिक स्वच्छता पर चर्चा
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने वार्डवार सफाई व्यवस्था की नोडल अधिकारियों एवं वार्ड दरोगाओं से जानकारी लेकर
सिटी प्रोफाइल, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, वॉल पेंटिंग, सौंदर्यीकरण कार्य, सिविल कार्य, नाला सफाई, ग्रीन वेस्ट प्रबंधन, सी एंड डी वेस्ट प्रबंधन, स्टॉर्म वाटर लाइन एवं चेंबर सफाई, घाटों की स्वच्छता, गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, उद्यानों की साफ-सफाई तथा सार्वजनिक शौचालयों (सीटी-पीटी) की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर जारी करें नोटिस
समीक्षा बैठक के दौरान नगर के नाले नालियों की सफाई व्यवस्था एवं चूहों के कारण नाली में मिट्टी भराव की समस्या के निराकरण की दिशा में ठोस पहल नहीं कराने पर स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित कार्य में लापरवाही बरतने वाले वार्ड क्रमांक 1, 5, 16, 27, 29, 34, 37, 44 के वार्ड दरोगाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं एम एस डब्लू प्रबंधन को कचरा संग्रहण वाहनों का समय निर्धारित करने तथा सुलभ इंटरनेशनल प्रतिनिधि को समस्त व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप रखने की हिदायत देते हुए अन्यथा की स्थिति में कटौती एवं अनुबंध निरस्त की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जनभागीदारी को बताया सफलता का आधार
निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने स्वच्छता अभियान में नागरिक सहभागिता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए जन जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
वार्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
बैठक में निगमायुक्त ने सभी नोडल अधिकारियों एवं गठित दलों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने वार्डों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखें।
समन्वित प्रयासों से मिलेगी सफलता
उन्होंने टीम भावना के साथ स्वच्छता से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से ही नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक के दौरान उपयुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री आसित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री संजय मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, मृदुल श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के एस आई, वार्ड दरोगा, एम एस डब्ल्यू प्रबंधन ,ओम साईं विजन, सुलभ इंटरनेशनल के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।








